BRICS Summit 2026: WHO प्रमुख टेड्रोस ने पीएम मोदी का जताया आभार, ‘हेल्थ फॉर ऑल’ पर दिया जोर
BRICS Summit 2026 में WHO प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने पीएम मोदी के स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग, सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, टीबी उन्मूलन और ‘हेल्थ फॉर ऑल’ के लक्ष्य पर BRICS की प्रतिबद्धता की सराहना की।
नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने की दिशा में BRICS देशों की प्रतिबद्धता की सराहना की और ‘हेल्थ फॉर ऑल’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
टेड्रोस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह BRICS नेताओं की ओर से WHO और बहुपक्षवाद को दिए गए समर्थन का स्वागत करते हैं। उन्होंने नई दिल्ली घोषणा में वैश्विक स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किए जाने की भी सराहना की।
स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
टेड्रोस के मुताबिक, नई दिल्ली घोषणा में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज को आगे बढ़ाने और मजबूत एवं लचीली स्वास्थ्य प्रणालियां विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई गई है। इसके साथ ही महामारी समझौते के तहत पैथोजन एक्सेस एंड बेनिफिट शेयरिंग से जुड़े प्रावधानों पर बातचीत को आगे बढ़ाने, स्वास्थ्यकर्मियों को मजबूत करने और डिजिटल स्वास्थ्य को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है।
घोषणा में पारंपरिक चिकित्सा को स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ जोड़ने और सभी लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में सहयोग बढ़ाने की बात कही गई है।
BRICS देशों के बीच अनुभव साझा करने पर जोर
नई दिल्ली घोषणा-2026 में BRICS देशों के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सहयोग की आवश्यकता को रेखांकित किया गया। नेताओं ने स्वास्थ्य परिणामों में सुधार के लिए अलग-अलग देशों के अनुभव, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने की जरूरत बताई।
BRICS नेताओं ने बहुपक्षीय स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने के साथ WHO की समन्वयकारी भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उनका मानना है कि वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी है।
टीबी को लेकर BRICS की चिंता
घोषणा में टीबी को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बताया गया। BRICS नेताओं ने बीमारी को खत्म करने के लिए समन्वित प्रयास, लगातार निवेश और अनुसंधान को बढ़ावा देने की जरूरत पर बल दिया।
जुलाई में चंडीगढ़ में हुई 16वीं BRICS स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक के परिणामों का भी नेताओं ने स्वागत किया। टीबी के खिलाफ लड़ाई में तकनीक और शोध को साझा करने के साथ देशों के बीच अनुभवों तथा नवाचारों के आदान-प्रदान को अहम बताया गया।
WTO प्रमुख ने भी पीएम मोदी को कहा धन्यवाद
इसी बीच विश्व व्यापार संगठन (WTO) की महानिदेशक न्गोजी ओकोंजो-इवेला ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत के बाद उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली और WTO की मौजूदा स्थिति को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
बातचीत में WTO सुधार से जुड़े अवसरों और चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इवेला के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था और सार्थक WTO सुधार के प्रति भारत के समर्थन को दोहराया।
भारत की अध्यक्षता में हो रहा BRICS Summit
भारत 2026 में BRICS का अध्यक्ष है और नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12-13 सितंबर को 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। भारत की अध्यक्षता की थीम ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ है।
भारत की अध्यक्षता में जन-केंद्रित दृष्टिकोण और प्रधानमंत्री मोदी की ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट’ की भावना को प्रमुखता दी गई है। BRICS के एजेंडे में वैश्विक स्वास्थ्य, आर्थिक सहयोग, बहुपक्षवाद और सतत विकास जैसे विषयों को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)