एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने चीन को 5-2 से हराया
एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने चीन को 5-2 से हराकर जीत दर्ज की। सुखजीत सिंह और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो-दो गोल किए। वहीं, जापान और मलेशिया ने भी अपने मुकाबले जीते।
एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 5-2 से शिकस्त दी। ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए अन्य मैचों में जापान ने बांग्लादेश को 1-0 से हराया, जबकि मलेशिया ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की।
भारत ने चीन के खिलाफ दर्ज की बड़ी जीत
मेजबान भारत ने चीन के खिलाफ मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। भारतीय टीम के लिए सुखजीत सिंह ने 12वें और 34वें मिनट में फील्ड गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 27वें और 31वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की बढ़त मजबूत की।
इसके बाद जुगराज सिंह ने 47वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए पांचवां गोल दागा। चीन की ओर से पेंग यांग ने 26वें मिनट और चोंगकोंग चेन ने 36वें मिनट में गोल किए। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में दबाव बनाए रखा और 5-2 से जीत हासिल की।
मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने खिलाड़ियों से की मुलाकात
पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने भारत और चीन के बीच मुकाबला देखा। इस दौरान उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात भी की।
खुड्डियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से पंजाब को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने राज्य को देश का हॉकी पावरहाउस बताते हुए टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
जापान ने बांग्लादेश को 1-0 से दी मात
दिन के एक अन्य मुकाबले में जापान और बांग्लादेश के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। जापान के राइकी फुजीशिमा ने 40वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। बांग्लादेश की टीम बराबरी का गोल नहीं कर सकी और जापान ने 1-0 से मुकाबला जीत लिया।
मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया
दिन के पहले मुकाबले में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की। मलेशिया के अजीमुद्दीन कमरुद्दीन ने 10वें मिनट में फील्ड गोल करके टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। दक्षिण कोरिया ने 31वें मिनट में सोंग हे-सोंग के गोल से स्कोर 1-1 कर दिया।
दूसरे हाफ में मलेशिया ने पलटा मुकाबला
दूसरे हाफ में मलेशिया ने आक्रामक खेल दिखाया। मोहम्मद अखिमुल्लाह अनवर एसूक ने 36वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके टीम को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद फैसल बिन सारी ने 50वें मिनट में तीसरा गोल दागा।
दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन मलेशियाई खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त कायम रखी और मुकाबला 3-1 से जीत लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)