योगी आदित्यनाथ का दीपावली संदेश, बोले- दीपोत्सव त्याग और मर्यादा का पर्व
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ के जरिए दसवें भव्य दीपोत्सव पर प्रदेशवासियों को संदेश दिया। उन्होंने दीपोत्सव को आस्था, त्याग, मर्यादा और सांस्कृतिक गौरव का पर्व बताते हुए जरूरतमंद परिवारों की दीपावली रोशन करने तथा स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दसवें भव्य दीपोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। ‘योगी की पाती’ के जरिए जारी संदेश में उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम दीपोत्सव के स्वागत के लिए तैयार है। यह आयोजन केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और भारतीय सांस्कृतिक चेतना की विजय का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की स्मृति से जुड़ा दीपोत्सव लोगों को सकारात्मकता, मर्यादा और उम्मीद के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। दीपक की छोटी-सी लौ भी घने अंधकार में उजाले और नई उम्मीद का संदेश देती है।
भरत के त्याग से मिलती है दायित्व निभाने की सीख
योगी आदित्यनाथ ने रामायण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भरत ने 14 वर्षों तक राजसुख से दूर रहकर भगवान श्रीराम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर स्थापित किया और उनके प्रतिनिधि के रूप में अयोध्या का शासन चलाया। यह प्रसंग बताता है कि सत्ता का उद्देश्य केवल अधिकार प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव त्याग, मर्यादा और समर्पण जैसे जीवन-मूल्यों को वैश्विक मंच पर सामने ला रहा है। सरयू तट और राम की पैड़ी पर जगमगाते लाखों दीपों का दृश्य अयोध्या की भव्यता को विशेष रूप देता है। ड्रोन से होने वाली आकाशीय प्रस्तुतियां और कलाकारों की भागीदारी भी आयोजन को आकर्षक बनाती हैं।
सुरक्षा, निवेश और विकास को बताया एक-दूसरे से जुड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने आस्था और जनभागीदारी को विकास से जोड़कर उत्सव प्रदेश के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उनके अनुसार, सुरक्षा से निवेश के अवसर बढ़ते हैं और निवेश के जरिए रोजगार, सुख-समृद्धि तथा विकास के रास्ते खुलते हैं।
योगी ने दीपोत्सव को आस्था और अर्थव्यवस्था का संगम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से कुम्हारों, फूल विक्रेताओं, होटल कारोबारियों और स्थानीय व्यापारियों को काम तथा आमदनी के अवसर मिलते हैं।
जरूरतमंद परिवारों की दीपावली रोशन करने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद परिवारों की मदद करें। अपनी क्षमता के अनुसार उन्हें दीये, मिठाइयां और नए कपड़े देकर उनकी दीपावली को खुशियों से भरने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि दूसरों के जीवन में खुशियां बांटना ही दीपोत्सव की वास्तविक भावना है।
उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच बनाए रखने और नकारात्मकता से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही, अपने आसपास स्वच्छता रखने और स्थानीय कारीगरों के बनाए दीये तथा अन्य उत्पाद खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित करने की बात कही।
अयोध्या आकर दीपोत्सव देखने का निमंत्रण
योगी आदित्यनाथ ने लोगों से परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव की भव्यता देखने की अपील की। संदेश के अंत में उन्होंने कामना की कि हर घर में खुशहाली आए, लोगों के बीच सद्भाव बना रहे और सभी के लिए तरक्की के नए रास्ते खुलें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)