बिहार में हर महीने लगेगा ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’, छात्रों की शिकायतों का 30 दिन में होगा समाधान
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिदुपुर स्थित बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ की शुरुआत की। सरकार ने छात्रों की शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बिहार सरकार ने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बिदुपुर स्थित बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के अंतर्गत ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का शुभारंभ किया।
इस पहल का मकसद छात्रों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने रखने का अवसर देना और उनका निर्धारित समय में समाधान कराना है। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिकायतों का अंतिम निपटारा अधिकतम 30 दिनों के भीतर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि छात्रों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सरकार की योजना के अनुसार, हर महीने के चौथे मंगलवार को राज्य के शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें पढ़ाई, परीक्षा, छात्रावास, पेयजल, शौचालय, कैंटीन और अन्य छात्र सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं तथा सुझावों पर सुनवाई होगी।
छात्रों को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और 1100 हेल्पलाइन की सुविधा भी दी गई है। विद्यार्थी अपनी शिकायत की प्रगति और स्थिति की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।
बिदुपुर के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वैशाली के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में बेहतर इंटरनेट सुविधा और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्थायी छात्रावास की व्यवस्था होने तक वैकल्पिक व्यवस्था करने को भी कहा गया।
मुख्यमंत्री ने इंजीनियरिंग कॉलेजों के आसपास प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने की दिशा में भी काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और अंबेडकर छात्रावासों में भी जन औषधि केंद्र उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा।
उन्होंने छात्रों के नए विचारों और तकनीकी प्रोजेक्ट्स को स्टार्टअप से जोड़ने पर भी जोर दिया। सरकार विद्यार्थियों के नवाचार को प्रोत्साहित करने और उपयोगी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल करेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेज के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने सूचना-सहायता काउंटर, विभागीय स्टॉल, कक्षाओं, संगीत कक्ष, सेमिनार हॉल, स्टार्टअप सेल, उद्यमिता सेल और प्रयोगशालाओं का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से बातचीत की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)