दिल्ली-NCR में भारी बारिश का असर, एक दर्जन से ज्यादा उड़ानें प्रभावित; एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली-NCR में खराब मौसम और भारी बारिश के चलते कई उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है। इंडिगो, एयर इंडिया, आकासा एयर और स्पाइसजेट ने यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने और एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है। IMD ने भी दिल्ली में भारी बारिश, तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को खराब मौसम और तेज बारिश का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। भारी बारिश के कारण एक दर्जन से अधिक उड़ानों के संचालन में बाधा आने की जानकारी सामने आई है। कई एयरलाइंस ने यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
इंडिगो ने बताया कि दिल्ली में मौसम की खराब परिस्थितियों के कारण उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा है। एयरलाइन ने यात्रियों से रियल-टाइम फ्लाइट अपडेट देखने और सड़क पर संभावित ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की।
एयर इंडिया ने भी दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर मौसम के कारण असर पड़ने की संभावना जताई। यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले फ्लाइट स्टेटस की पुष्टि करने को कहा गया है।
आकासा एयर के मुताबिक, खराब मौसम के चलते उसके नेटवर्क की कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। वहीं स्पाइसजेट ने भी यात्रियों को उड़ानों के आगमन, प्रस्थान और कनेक्टिंग फ्लाइट्स में संभावित देरी को लेकर सतर्क किया है।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है। राजधानी के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
यात्रियों को मौसम की स्थिति और यातायात को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भी यात्रियों से प्रस्थान और गंतव्य शहरों के मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)