ईरान ने कनाडा पर साधा निशाना, विदेश मंत्रालय बोला- अमेरिकी दबाव में लिए फैसले भरोसेमंद नहीं
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कनाडा पर अमेरिकी दबाव में ईरान विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कनाडा की समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय कानून संबंधी दलीलों पर भी सवाल उठाए।
ईरान और पश्चिमी देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान ने कनाडा के रुख पर सवाल उठाए हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कनाडा पर आरोप लगाया कि वह एक ओर शांति, सुरक्षा और समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता की बात करता है, जबकि दूसरी ओर अमेरिकी नीतियों और सैन्य कार्रवाई का समर्थन कर रहा है।
बाघेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कनाडा के हालिया बयानों में क्षेत्रीय परिस्थितियों से जुड़े तथ्यों को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं किया गया है। उन्होंने दावा किया कि कनाडा स्वयं अमेरिका की नीतियों से प्रभावित रहा है, इसके बावजूद वह अमेरिकी दबाव में ईरान के खिलाफ रुख अपना रहा है।
ईरानी प्रवक्ता ने होर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू होने से पहले यह समुद्री मार्ग खुला और सुरक्षित था। उनके मुताबिक, समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता को लेकर कनाडा की चिंता और अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के समर्थन के बीच विरोधाभास दिखाई देता है।
बाघेई ने कनाडा से सवाल किया कि यदि समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता और अंतरराष्ट्रीय कानून वास्तव में उसकी प्राथमिकता हैं, तो वह अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और आर्थिक दबाव का समर्थन क्यों कर रहा है।
उन्होंने कनाडा के रुख को रणनीतिक दबाव के आगे झुकने का उदाहरण बताया। ईरानी अधिकारी ने कहा कि अमेरिका की आक्रामक नीतियों, प्रतिबंधों और कथित नाकेबंदी का समर्थन करने से कनाडा भविष्य में अमेरिकी दबाव से खुद को सुरक्षित नहीं कर पाएगा।
ईरान की ओर से यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्रीय तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं को लेकर अमेरिका, ईरान और अन्य देशों के बीच बयानबाजी तेज है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)