BRICS Summit 2026: भारत मंडपम में दिखेगा भारत का डीप-टेक दम, 37 स्टार्टअप पेश करेंगे अपने इनोवेशन

नई दिल्ली के भारत मंडपम में 11 और 12 सितंबर को BRICS भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन आयोजित होगा। इसमें भारत के 37 डीप-टेक स्टार्टअप और वेंचर अपने नवाचार प्रदर्शित करेंगे और BRICS देशों के निवेशकों, सीईओ व उद्योग प्रतिनिधियों से जुड़ेंगे।

Sep 11, 2026 - 17:55
0 0
BRICS Summit 2026: भारत मंडपम में दिखेगा भारत का डीप-टेक दम, 37 स्टार्टअप पेश करेंगे अपने इनोवेशन

नई दिल्ली। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के तहत नई दिल्ली के भारत मंडपम में 11 और 12 सितंबर 2026 को ‘BRICS भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन’ का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के संयुक्त सहयोग से होने वाले इस आयोजन में भारत के 37 डीप-टेक स्टार्टअप और वेंचर अपने अत्याधुनिक नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और BRICS देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन का उद्देश्य भारतीय तकनीकी नवाचारों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने के साथ स्टार्टअप्स को निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी साझेदारों से जोड़ना है।

डीप-टेक स्टार्टअप्स को मिलेगा वैश्विक मंच

‘भारत इनोवेट्स’ शिक्षा मंत्रालय की एक राष्ट्रीय पहल है, जिसे भारतीय उच्च शिक्षा संस्थानों से सामने आने वाले नवाचारों को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए विकसित किया गया है। इसके जरिए स्टार्टअप्स, विश्वविद्यालयों, प्रयोगशालाओं और रिसर्च पार्कों को निवेशकों, कंपनियों, इनक्यूबेटर्स, शोध संस्थानों और सरकारों जैसे हितधारकों से जोड़ने पर जोर दिया जाता है।

भारत मंडपम में आयोजित होने वाली प्रदर्शनी इसी पहल को BRICS के व्यापक मंच से जोड़ने का प्रयास है।

37 स्टार्टअप करेंगे अपने नवाचारों का प्रदर्शन

BRICS भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन में भारत की BRICS अध्यक्षता की थीम ‘मजबूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण’ के अनुरूप 37 डीप-टेक स्टार्टअप और वेंचर हिस्सा लेंगे।

ये स्टार्टअप उन 120 स्टार्टअप और वेंचर के समूह का हिस्सा हैं, जिन्होंने जून 2026 में फ्रांस के नीस में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ के पहले संस्करण में भाग लिया था।

BRICS बिजनेस फोरम के साथ आयोजन

11 सितंबर को प्रदर्शनी का आयोजन BRICS बिजनेस फोरम के साथ किया जा रहा है। इससे भारतीय स्टार्टअप्स को BRICS देशों के सीईओ, निवेशकों, उद्योगपतियों और कारोबारी प्रतिनिधियों से सीधे संपर्क का अवसर मिलेगा।

इस दौरान B2B बैठकें, तकनीकी सहयोग, निवेश, कारोबारी साझेदारी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच से जुड़े अवसरों पर काम किया जाएगा।

शिक्षा और रिसर्च-इनोवेशन एजेंडे को बढ़ावा

BRICS भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन BRICS शिक्षा ट्रैक की उस प्राथमिकता को भी मजबूती देगा, जिसमें रिसर्च, इनोवेशन और स्टार्टअप इकोसिस्टम को विकसित करने पर जोर दिया गया है।

यह क्षेत्र भारत की 2026 BRICS अध्यक्षता के दौरान तय किए गए प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में शामिल है। इसके जरिए शिक्षा, अनुसंधान और उद्यमिता के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश की जा रही है।

निवेशकों और वैश्विक कारोबारियों से जुड़ेंगे स्टार्टअप

प्रदर्शनी में शामिल होने वाले स्टार्टअप्स को BRICS देशों के निवेशकों और कारोबारियों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। इसके अलावा उन्हें राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों के सामने अपने उत्पाद और तकनीकी समाधान पेश करने का मौका भी मिल सकता है।

FICCI, CII और ASSOCHAM के सहयोग से B2B बैठकों और संरचित मैचमेकिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे तकनीकी नवाचारों को निवेश और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी अवसरों में बदलने में मदद मिलने की उम्मीद है।

नीस में हुआ था ‘भारत इनोवेट्स’ का पहला संस्करण

‘भारत इनोवेट्स 2026’ का पहला संस्करण भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तहत 14 से 16 जून को फ्रांस के नीस में आयोजित हुआ था। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने संयुक्त रूप से किया था।

तीन दिवसीय कार्यक्रम में 13 थीम वाले क्षेत्रों के 120 डीप-टेक स्टार्टअप और वेंचर के साथ 15 संस्थानों को प्रदर्शित किया गया। इसमें 29 देशों के 2,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

कार्यक्रम के दौरान 30 से अधिक सहयोग समझौते और साझेदारियां हुईं। इसके अलावा 1,350 B2B बैठकों के बाद भारतीय स्टार्टअप्स और वेंचर्स को 254.5 मिलियन डॉलर की फंडिंग प्रतिबद्धताएं मिलने की जानकारी दी गई थी।

BRICS शिक्षा गतिविधियों को भी मिली रफ्तार

भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत शिक्षा मंत्रालय लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। 5 अगस्त को BRICS शिक्षा के वरिष्ठ अधिकारियों की तीसरी बैठक हुई, जबकि 7 अगस्त को भुवनेश्वर में 13वीं BRICS शिक्षा मंत्रियों की बैठक आयोजित की गई।

शिक्षा मंत्रियों की बैठक में 13वें BRICS शिक्षा मंत्रियों के घोषणापत्र को भी अपनाया गया।

इन क्षेत्रों में सहयोग पर फोकस

घोषणापत्र में शुरुआती बचपन की देखभाल एवं शिक्षा, बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान, कौशल विकास एवं TVET, शोध एवं नवाचार तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम जैसे क्षेत्रों में सहयोग को प्राथमिकता दी गई है।

इसके साथ ही योग्यताओं की आपसी मान्यता, शैक्षणिक नेतृत्व और संस्थागत विकास के लिए क्षमता निर्माण पर भी जोर दिया गया है। ऐसे में भारत मंडपम में होने वाला BRICS भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन भारत के तकनीकी नवाचारों को वैश्विक नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में अहम मंच साबित हो सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User