BRICS Summit 2026: पीएम मोदी से मिले अनवर इब्राहिम, रक्षा-व्यापार समेत कई मुद्दों पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने रक्षा, व्यापार, निवेश, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, ऊर्जा और फिनटेक समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक की। अनवर इब्राहिम 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे हैं। बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-मलेशिया संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत के दौरान रक्षा और सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा और फिनटेक समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की गई।
फरवरी की भारत-मलेशिया साझेदारी की प्रगति पर चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में मलेशियाई प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और BRICS में साझेदार देश के रूप में मलेशिया की भागीदारी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान लिए गए फैसलों और समझौतों की प्रगति पर भी विचार किया।
बातचीत में व्यापार और निवेश के अलावा रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, शिक्षा, पर्यटन और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल रहे।
कोटा किनाबालु में खुलेगा भारत का वाणिज्य दूतावास
बैठक के दौरान मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सबाह के कोटा किनाबालु में भारत का वाणिज्य दूतावास खोलने के लिए मलेशिया की सहमति की जानकारी दी। इससे दोनों देशों के बीच राजनयिक और लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान-भारत संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के निरंतर सहयोग की भी सराहना की।
क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श
दोनों प्रधानमंत्रियों ने साझा हितों से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। साथ ही भारत और मलेशिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मलेशियाई प्रधानमंत्री शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। अपनी भारत यात्रा के दौरान अनवर इब्राहिम के केरल जाने और भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम है।
BRICS में मलेशिया की साझेदार देश के रूप में भागीदारी
भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता भारत के पास है। सम्मेलन में सदस्य देशों के नेताओं के अलावा साझेदार देशों और आमंत्रित प्रतिनिधियों की भी भागीदारी हो रही है।
BRICS में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। वहीं मलेशिया समेत बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाकिस्तान, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम साझेदार देशों में शामिल हैं।
मोदी-अनवर बैठक को भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने और BRICS के साथ-साथ द्विपक्षीय सहयोग के नए क्षेत्रों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)