राजनाथ सिंह ने नोएडा में अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर का किया उद्घाटन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नोएडा में अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर का उद्घाटन किया। इस सेंटर से आधुनिक स्वास्थ्य जांच सुविधाओं को बढ़ावा मिलने और लोगों को बेहतर डायग्नोस्टिक सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

Aug 22, 2026 - 17:42
0 1
राजनाथ सिंह ने नोएडा में अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर का किया उद्घाटन

राजनाथ सिंह ने नोएडा में महाजन इमेजिंग के नए डायग्नोस्टिक सेंटर का किया उद्घाटन

नोएडा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को नोएडा स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र सभागार में महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के नए इंटीग्रेटेड डायग्नोस्टिक सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा और लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज भी मौजूद रहीं। यह उत्तर प्रदेश में कंपनी का पहला सेंटर है।

उद्घाटन कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा कि मेडिकल तकनीक में तेजी से बदलाव आया है और आधुनिक जांच प्रणालियों ने कई गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान को आसान बनाया है। उन्होंने कहा कि बेहतर डायग्नोस्टिक व्यवस्था का उद्देश्य सटीक बीमारी की पहचान के साथ मरीजों को अनावश्यक जांच और गलत निदान से बचाना भी होना चाहिए।

रक्षा मंत्री ने एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि यदि रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और दूसरी जांच सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हों, तो मरीजों को अलग-अलग केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। इससे डॉक्टरों को भी उपचार का निर्णय लेने में सुविधा होती है।

उन्होंने मेडिकल विज्ञान और रक्षा क्षेत्र के बीच तकनीकी संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि रेडियोलॉजी और अल्ट्रासोनोग्राफी जैसी तकनीकों का इस्तेमाल सैन्य चिकित्सा में भी महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को नई तकनीकों के साथ जोड़ने की आवश्यकता बताई।

राजनाथ सिंह ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी पहलों से बड़ी आबादी तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ी है। उत्तर प्रदेश में भी पिछले वर्षों के दौरान मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है।

भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दशकों में बुजुर्ग आबादी बढ़ने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में केवल बीमारी के बाद इलाज पर निर्भर रहने के बजाय प्रिवेंटिव हेल्थ केयर को बढ़ावा देना जरूरी होगा।

नए डायग्नोस्टिक सेंटर में एआई आधारित अल्ट्रा-फास्ट 3.0 टेस्ला एमआरआई और 160-स्लाइस सीटी स्कैन जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, जीनोमिक्स और व्यक्तिगत स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की योजना है। इससे नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक डायग्नोस्टिक सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 3
Dislike Dislike 0
Love Love 3
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User