युद्ध अभ्यास 2026: अमेरिकी सैनिकों ने किए बद्रीनाथ के दर्शन, जूनागढ़ किले की भी देखी विरासत
‘युद्ध अभ्यास 2026’ के दौरान अमेरिकी सैनिकों ने बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन किए और बीकानेर के जूनागढ़ किले का दौरा किया। सैन्य प्रशिक्षण के साथ दोनों देशों के जवानों ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से जाना।
भारत-अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘युद्ध अभ्यास 2026’ के दौरान अमेरिकी सैन्यकर्मियों ने सैन्य प्रशिक्षण के साथ भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को भी करीब से जाना। अमेरिकी जवानों ने उत्तराखंड के बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन किए, जबकि राजस्थान के बीकानेर स्थित ऐतिहासिक जूनागढ़ किले का भी दौरा किया।
बीकानेर के जूनागढ़ किले की यात्रा के दौरान सैनिकों को राजस्थान के शाही इतिहास, स्थापत्य कला और सैन्य परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिला। किले की ऐतिहासिक संरचना ने भारत के उस दौर की झलक दिखाई, जिसमें राजसी परंपराओं के साथ सैन्य कौशल और वास्तुकला का भी महत्वपूर्ण स्थान रहा है।
इसके अलावा अमेरिकी और भारतीय सैनिक बद्रीनाथ मंदिर भी पहुंचे। हिमालयी क्षेत्र में स्थित इस प्रसिद्ध मंदिर की यात्रा के जरिए अमेरिकी सैनिकों को भारत की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं को समझने का अवसर मिला।
युद्ध अभ्यास के दौरान प्रशिक्षण गतिविधियों के साथ आयोजित इन सांस्कृतिक यात्राओं ने दोनों देशों के सैन्यकर्मियों को एक-दूसरे की परंपराओं और विरासत को करीब से जानने का अवसर दिया। इससे सैन्य प्रशिक्षण के अलावा आपसी संवाद और सांस्कृतिक समझ को भी बढ़ावा मिला।
‘युद्ध अभ्यास 2026’ भारत और अमेरिका के बीच संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण का 22वां संस्करण है। अभ्यास उत्तराखंड के औली क्षेत्र से लेकर राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज तक आयोजित किया गया। इसमें दोनों देशों के करीब 600-600 सैन्यकर्मियों ने हिस्सा लिया।
अभ्यास में आधुनिक सैन्य तकनीक और निगरानी प्रणालियों पर भी जोर दिया गया। सैनिकों ने ड्रोन और स्वायत्त प्रणालियों का इस्तेमाल टोह एवं निगरानी के लिए किया। इसके अलावा दोनों सेनाओं ने तोपखाने की क्षमताओं का भी अभ्यास किया।
महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय सेना की एम777 अल्ट्रा लाइट हॉवित्जर तोपों से डायरेक्ट फायरिंग का अभ्यास किया गया। निर्धारित लक्ष्यों पर सटीक निशाना साधते हुए जवानों ने अपनी फायरिंग क्षमता और परिचालन दक्षता का प्रदर्शन किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)