SCO Summit में पीएम मोदी का आतंकवाद पर कड़ा संदेश, फंडिंग और सुरक्षित ठिकानों पर कार्रवाई की अपील
बिश्केक में SCO Summit को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद को मानवता के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने आतंकवाद की फंडिंग, भर्ती, कट्टरपंथ और सुरक्षित ठिकानों के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया।
बिश्केक में आयोजित 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख स्पष्ट करते हुए इसे पूरी मानवता के लिए गंभीर खतरा बताया। सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने सदस्य देशों के नेताओं के साथ घोषणापत्र पर हस्ताक्षर भी किए।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए केवल हमलों के बाद प्रतिक्रिया देना पर्याप्त नहीं है। आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पूरे तंत्र पर कार्रवाई जरूरी है। इसमें आतंकी संगठनों की फंडिंग, युवाओं की भर्ती, कट्टरपंथ और उन्हें मिलने वाले सुरक्षित ठिकानों पर प्रभावी कार्रवाई शामिल है।
आतंकवाद पर दोहरे रवैये की नहीं हो जगह
पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के मामले में किसी भी तरह के दोहरे मानदंड को स्वीकार नहीं किया जा सकता। जो देश आतंकवाद को अपने रणनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करते हैं या आतंकियों को संरक्षण देते हैं, उन्हें स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि आतंकवाद को किसी देश के लिए रणनीतिक लाभ का साधन नहीं बनने दिया जा सकता और इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
शांति और कनेक्टिविटी भारत की प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने SCO के लिए भारत की प्राथमिकताओं को बताते हुए शांति एवं सुरक्षा को प्रमुख आधार बताया। इसके साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक अवसरों को भी महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने अफगानिस्तान की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां शांति और स्थिरता पूरे यूरेशियाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अहम है। भारत अफगानिस्तान में विकास परियोजनाओं और मानवीय सहायता के जरिए अपना योगदान जारी रखेगा।
पश्चिम एशिया संकट पर बातचीत का रास्ता
पश्चिम एशिया में जारी तनाव पर प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी एक क्षेत्र में होने वाला संघर्ष व्यापक वैश्विक प्रभाव डाल सकता है। ऊर्जा सुरक्षा, समुद्री व्यापार और वैश्विक सप्लाई चेन पर इसका असर पड़ता है और ग्लोबल साउथ के देशों को इसका बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि संघर्षों का स्थायी समाधान सैन्य कार्रवाई से नहीं बल्कि संवाद और कूटनीति के माध्यम से तलाशा जाना चाहिए।
ड्रग तस्करी के खिलाफ सहयोग बढ़ाने की अपील
पीएम मोदी ने नशीले पदार्थों की तस्करी को युवाओं और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने SCO के सुरक्षा तंत्रों के बीच सहयोग और समन्वय को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय सहयोग का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। आने वाले वर्षों में लोगों के बीच संपर्क को सहयोग के केंद्र में रखते हुए युवाओं के लिए नए अवसर, उद्यमियों के लिए नए बाजार और किसानों तक आधुनिक तकनीक की पहुंच सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण होगा।
कई देशों के शीर्ष नेता सम्मेलन में मौजूद
किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव की मेजबानी में हुए SCO सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत संगठन के अन्य सदस्य देशों के नेता भी शामिल हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)